Monday, July 27, 2026

टूटे हुए कप का नया जीवन - क्रोशिया का जादू और वेस्ट से बेस्ट

 कुछ दिन पहले मेरी सुबह की चाय का सबसे मनपसंद कप अचानक हाथ से छूट गया। चाय की चुस्कियों के साथ दिन की शुरुआत करने वाला वह प्यारा सा नारंगी कप टूट गया और उसका हैंडल पूरी तरह अलग हो गया।

टूटा हुआ कप

हादसों से यादें ख़त्म नहीं होतीं - हैंडल टूटने के बाद भी मेरा मनपसंद नारंगी कपं


दिल तो थोड़ा दुखी हुआ, क्योंकि अक्सर कुछ चीज़ों से हमारा एक भावनात्मक लगाव हो जाता है। मन उसे फेंकने का बिल्कुल नहीं हुआ। फिर सोचा कि क्यों अपनी रचनात्मकता का इस्तेमाल करके इसे एक नया रूप दिया जाए!


फ़्लावर वासे के रूप में

क्रोशिया के धागों का जादू - नीले जालीदार कवर और फूलों के साथ कप का नया जीवन


मैंने तुरंत अपना क्रोशिया और नीले रंग का धागा उठाया। दोपहर में टीवी देखते-देखते और फुर्सत के पलों में 2-3 दिनों के अंदर ही मैंने इसके लिए एक सुंदर क्रोशिया कवर (पाइनऐप्पल डिज़ाइन वाली जाली) तैयार कर लिया। इस नीले रंग के जालीदार कवर को जब मैंने उस नारंगी कप पर चढ़ाया, तो टूटा हुआ हिस्सा पूरी तरह से छुप गया और नारंगी-नीले रंग का यह कॉम्बिनेशन बहुत ही आकर्षक लगने लगा।


फ़्लावर वासे के रूप में


टीवी देखते-देखते बने क्रोशिया पैटर्न की बारीकी - सुंदरता भी और मजबूती भी

कप का यह पुनरुद्धार देखकर मन खुश हो गया। मैंने इसमें कुछ कृत्रिम फूल सजाकर इसे टेबल के लिए एक प्यारा सा 'फ़्लावर वासे' (Flower Vase) बना दिया।

जब मेरी बेटी ने इसे देखा, तो उसे यह नया रूप बहुत पसंद आया। उसने एक बहुत बढ़िया सुझाव दिया - "मम्मी, यह कप काफी भारी, मजबूत और टिकाऊ है। इसे सिर्फ़ सजावट के लिए रखने के बजाय रसोई में चम्मच-कांटे रखने के लिए (Kitchen Spoon Holder) इस्तेमाल करते हैं।"

बेटी की बात सुनकर लगा कि यह विचार भी बेहद शानदार है।

अक्सर हम थोड़ी सी टूट-फूट होते ही चीज़ों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन अगर हम थोड़ा सा समय और रचनात्मकता जोड़ दें, तो वही चीज़ें हमारे घर की ख़ूबसूरती बढ़ा सकती हैं। वेस्ट मटेरियल से बनी इस तरह की चीज़ें केवल पर्यावरण के अनुकूल होती हैं, बल्कि जब भी इन पर नज़र पड़ती है, तो खुद के बनाए होने की एक अलग ही खुशी मिलती है।

आप भी मुझे ज़रूर बताइएगा कि आपको मेरे टूटे हुए कप का यह नया रूप कैसा लगा? क्या आप भी अपने घर की पुरानी या टूटी चीज़ों का इस तरह पुनरुद्धार करते हैं?

XO

No comments:

Post a Comment